
वाशिंगटन : संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की पूर्व राजदूत और भारतीय मूल की नेता निक्की हेली ने पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भारत-अमेरिका संबंधों में खटास पैदा करने से बचने की सलाह दी है। हेली ने कहा कि भारत पर भारी टैरिफ लगाने से दोनों देशों के लंबे समय से चले आ रहे मजबूत रिश्तों पर असर पड़ सकता है।
निक्की हेली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए ट्रंप पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने लिखा, “भारत को रूस से तेल नहीं खरीदना चाहिए, लेकिन रूस और ईरान के सबसे बड़े तेल खरीदार चीन को 90 दिनों की टैरिफ छूट मिल जाती है। भारत जैसे मजबूत सहयोगी से रिश्ते बिगाड़कर चीन को क्यों फायदा दिया जा रहा है?”
इससे पहले ट्रंप ने मंगलवार को कहा था कि भारत रूसी तेल खरीदकर रूस की वॉर मशीन को ताकत दे रहा है, इसलिए अगले 24 घंटों में भारत पर टैरिफ और बढ़ाए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि भारत को रूस-यूक्रेन युद्ध में हो रही जनहानि की परवाह नहीं है।
हालांकि, भारत की ओर से यह तर्क दिया गया कि अमेरिका और यूरोपीय संघ खुद भी रूस से व्यापार कर रहे हैं। ट्रंप ने इस तर्क को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें इस जानकारी की पुष्टि नहीं है और वे इसकी जांच करेंगे।
भारत सरकार ने ट्रंप की इस चेतावनी को गैरवाजिब और तर्कहीन बताते हुए कहा कि अमेरिका खुद फर्टिलाइजर, केमिकल्स और अन्य जरूरी वस्तुएं रूस से आयात करता है। ऐसे में भारत को अकेले निशाना बनाना अनुचित है।
विश्लेषकों का मानना है कि ट्रंप का यह रवैया चुनावी बयानबाजी और घरेलू दबाव का नतीजा है, जो अमेरिका-भारत के रणनीतिक रिश्तों में अनावश्यक तनाव पैदा कर सकता है।
