Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) स्थित टाटा जूलॉजिकल पार्क में एक सप्ताह से बीमार चल रहे भालू की मंगलवार देर रात मौत हो गई। पार्क प्रशासन और पशु चिकित्सकों की ओर से लगातार इलाज किया जा रहा था, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ और अंततः भालू ने दम तोड़ दिया। फिलहाल भालू की मौत के स्पष्ट कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है।
जानकारी मिलते ही जिले के पशुपालन पदाधिकारी डॉ. सुधाकर मुंडा और क्षेत्रीय वन पदाधिकारी (DFO) सबा आलम अंसारी टाटा जू पहुंचे। इसके बाद पशु चिकित्सकों की टीम ने भालू का पोस्टमार्टम किया। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि भालू की मौत बीमारी, संक्रमण, उम्र या किसी अन्य कारण से हुई है।
DFO सबा आलम अंसारी ने कहा कि रिपोर्ट से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। टाटा जू प्रशासन भी मामले को गंभीरता से ले रहा है और रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।
इस घटना ने वन्यजीव प्रेमियों और स्थानीय प्रशासन को भी चिंतित कर दिया है

