दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार सुबह उस समय हमला हो गया जब वे अपने कैंप ऑफिस में जनसुनवाई कर रही थीं। भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति ने अचानक चिल्लाते हुए सीएम को थप्पड़ मार दिया और गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद सीएम के साथ हाथापाई भी हुई, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। यह घटना मुख्यमंत्री की सुरक्षा में गंभीर चूक मानी जा रही है।
हमलावर की पहचान 41 वर्षीय राजेश भाई खिमजी भाई सकरिया के रूप में हुई है, जो खुद को राजकोट का निवासी बता रहा है। आरोपी को पुलिस ने तुरंत हिरासत में ले लिया और पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि हमले की वजह अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन शुरुआती पूछताछ में उसने किसी कोर्ट केस का जिक्र किया है।
घटना के बाद सीएम आवास की सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस कमिश्नर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं और घटनास्थल का निरीक्षण कर रहे हैं। साथ ही यह जांच की जा रही है कि आरोपी सीएम के इतने करीब कैसे पहुंच गया। इस मामले में स्टाफ से भी पूछताछ हो रही है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की चिकित्सकीय जांच के लिए डॉक्टरों को बुलाया गया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्हें कितनी चोटें आई हैं। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि वे खुद सीएम आवास पहुंच रहे हैं।
वहीं आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी और दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने भी इस घटना की कड़ी आलोचना की है। आतिशी ने इसे लोकतंत्र पर हमला बताया, जबकि देवेंद्र यादव ने इसे महिला सुरक्षा के लिए चिंताजनक बताया।
बता दें कि बुधवार सुबह से सीएम आवास पर जनसुनवाई के लिए भारी भीड़ जुटी थी। वहां मौजूद कई लोगों ने इस हमले की निंदा की और कहा कि इससे आम जनता की समस्याएं सुनवाने की प्रक्रिया पर असर पड़ेगा, क्योंकि अब लोगों को वापस लौटना पड़ रहा है।

