नई दिल्ली: एनडीए ने उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। महाराष्ट्र के वर्तमान राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को इस पद के लिए एनडीए की ओर से उम्मीदवार घोषित किया गया है। यह घोषणा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने की, जिससे उपराष्ट्रपति पद को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर विराम लग गया। उल्लेखनीय है कि पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई 2025 को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद यह पद खाली चल रहा था।
उम्मीदवारी की घोषणा करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि एनडीए विपक्ष से भी बातचीत करेगा और कोशिश की जाएगी कि उपराष्ट्रपति पद के लिए निर्विरोध चुनाव हो। उन्होंने बताया कि एनडीए के सभी सहयोगी दलों ने सीपी राधाकृष्णन के नाम पर सहमति जताई है और उनके समर्थन में एकजुट हैं।
इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सीपी राधाकृष्णन को बधाई देते हुए कहा कि अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने समाजसेवा, विनम्रता और बुद्धिमत्ता से अपनी अलग पहचान बनाई है। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि राधाकृष्णन ने तमिलनाडु में जमीनी स्तर पर व्यापक कार्य किया है और वंचितों के सशक्तिकरण के लिए हमेशा समर्पित रहे हैं।
सीपी राधाकृष्णन का राजनीतिक सफर भी काफी विविधतापूर्ण रहा है। उनका जन्म 20 अक्टूबर 1957 को तमिलनाडु के तिरुप्पुर में हुआ था। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और जनसंघ से जुड़कर राजनीति में सक्रिय हुए। वे 1998 और 1999 में कोयंबटूर से लोकसभा सांसद चुने गए थे। इसके बाद 2003 से 2006 तक वे भाजपा की तमिलनाडु इकाई के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे।
राज्यपाल के रूप में भी उन्होंने कई राज्यों में जिम्मेदारियां निभाईं। फरवरी 2023 से जुलाई 2024 तक वे झारखंड के राज्यपाल रहे, इसके अलावा मार्च से जुलाई 2024 तक उन्होंने तेलंगाना और मार्च से अगस्त 2024 तक पुडुचेरी का अतिरिक्त प्रभार भी संभाला। 31 जुलाई 2024 से वे महाराष्ट्र के राज्यपाल के रूप में कार्यरत हैं।
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि विपक्ष इस चुनाव को लेकर क्या रणनीति अपनाता है और क्या यह चुनाव निर्विरोध रूप से संपन्न होता है।

