पटना : बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के युवाओं को बड़ा तोहफा देने का वादा किया है। उन्होंने घोषणा की है कि आगामी पांच वर्षों में बिहार के एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। शनिवार को अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए नीतीश कुमार ने बताया कि 2020 में शुरू किए गए “सात निश्चय-2” के तहत उनकी सरकार ने अब तक 50 लाख युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य पूरा कर लिया है, और अब इस लक्ष्य को दोगुना करने का संकल्प लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार निजी क्षेत्रों को बिहार में उद्योग स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है और इसके लिए विशेष आर्थिक पैकेज की योजना बनाई गई है। इस पैकेज के अंतर्गत उद्यमियों को पूंजी सब्सिडी (कैपिटल सब्सिडी), ब्याज पर सब्सिडी और जीएसटी पर मिलने वाली प्रोत्साहन राशि को दोगुना किया जाएगा। इसके साथ ही, जो उद्योग ज्यादा रोजगार प्रदान करेंगे, उन्हें मुफ्त में जमीन उपलब्ध कराई जाएगी और जिलों में उद्योग लगाने हेतु जमीन की व्यवस्था भी की जाएगी। भूमि आवंटन से जुड़े विवादों को भी सरकार सुलझाएगी।
नीतीश कुमार ने यह भी स्पष्ट किया कि ये सभी सुविधाएं आगामी छह महीनों में उद्योग लगाने वाले उद्यमियों को दी जाएंगी। इसके अलावा, राज्य सरकार उद्योग क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए और भी कई प्रावधान ला रही है, जिनकी विस्तृत जानकारी एक अलग अधिसूचना के माध्यम से जल्द जारी की जाएगी।
इस घोषणा के साथ साफ है कि नीतीश सरकार आगामी चुनावों से पहले युवाओं और उद्योगों को केंद्र में रखते हुए विकास और रोजगार को प्राथमिकता देने की रणनीति अपना रही है।

