झारखंड की कृषि, पशुपालन और सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने शुक्रवार को रांची जिले के चान्हो प्रखंड स्थित रघुनाथपुर गांव में धान रोपने के दौरान महिलाओं के साथ काम किया। सावन की बारिश में पानी से लबालब भरे खेतों में महिलाएं पारंपरिक रीति-रिवाजों और लोकगीतों के बीच धान की रोपाई कर रही थीं। जब मंत्री शिल्पी तिर्की ने खेत में कदम रखा, तो वहां काम कर रही महिलाओं को आश्चर्य हुआ, लेकिन उनके चेहरे पर उत्साह और खुशी का कोई ठिकाना नहीं था।
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने खुद भी महिलाओं के साथ रोपनी में भाग लिया और इस दौरान उन्होंने बताया कि झारखंड की कृषि में महिलाओं का योगदान अत्यधिक महत्वपूर्ण है। वे केवल खेतों में मेहनत ही नहीं करतीं, बल्कि इसे एक उत्सव की तरह मानती हैं। मंत्री ने यह भी कहा कि यह समय सिर्फ कठिन मेहनत का नहीं, बल्कि आपसी सहयोग, उत्साह और प्रकृति से जुड़ाव का होता है।
गांव की महिलाओं ने मंत्री की सराहना की और कहा कि यह गर्व की बात है कि मंत्री उनके बीच आकर उनके काम में मदद करती हैं। जॉनी उरांव ने कहा कि शिल्पी दीदी हर बार गांव आती हैं और हम सबके साथ खेतों में काम करती हैं, जो हमें बहुत अच्छा लगता है। अनीता उरांव ने भी कहा कि मंत्री के साथ काम करके ऐसा महसूस होता है जैसे परिवार का कोई सदस्य साथ हो।

