रांची। मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (जेसोवा) के पांच दिवसीय दिवाली मेला-2025 का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन भी मौजूद थीं।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि जेसोवा प्रारंभ से ही जनहित में समर्पित संस्था रही है। इस वर्ष संस्था अपनी रजत जयंती (25 वर्ष) मना रही है। हर वर्ष की तरह इस बार भी यह दिवाली मेला बड़े उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जेसोवा द्वारा मेले से प्राप्त आमदनी का उपयोग गरीबों और जरूरतमंदों के कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य सामाजिक उत्थान की गतिविधियों में किया जाता है। इस अवसर पर समाजसेवी व्यक्तियों को सम्मान राशि प्रदान की गई और पुस्तकालय का उद्घाटन भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यद्यपि विभिन्न संस्थाएं त्योहारी अवसरों पर मेले आयोजित करती हैं, लेकिन जेसोवा की विशेषता है कि यह संस्था शुरुआत से ही सामाजिक कार्यों में सक्रिय रही है और जरूरतमंदों की मदद को अपना उद्देश्य बनाकर कार्य करती है।
श्री सोरेन ने जेसोवा के सभी पदाधिकारियों व सदस्यों को बेहतर सामाजिक प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आशा जताई कि जेसोवा का सेवा भाव आगे भी जरूरतमंदों तक पहुंचे और संस्था इसी प्रकार समाज के उत्थान में अपनी भूमिका निभाती रहे।
मुख्यमंत्री, विधायक कल्पना सोरेन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार समेत कई गणमान्य अतिथियों ने मेले का भ्रमण किया। श्रीमती कल्पना सोरेन ने जेसोवा की पूरी टीम को दिवाली मेले की सफलता के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर झारखंड के मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार, विभिन्न विभागों के सचिव, वरिष्ठ अधिकारी, जेसोवा की अध्यक्ष श्रीमती प्रीति कुमार, उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता सिन्हा, सचिव श्रीमती मनुजा एवं अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे।

