तोपचांची (गिरिडीह): झारखंड लोक कल्याण मंच (जेएलकेएम) ने घाटशिला विधानसभा उपचुनाव 2025 में भाग लेने का ऐलान किया है। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष टाइगर जयराम महतो की अध्यक्षता में तोपचांची, गिरिडीह के जंगल की तलहटी में स्थित केंद्रीय कार्यालय में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कोल्हान प्रमंडल के विभिन्न जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, घाटशिला क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और पार्टी के केंद्रीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के बाद मीडिया को जानकारी देते हुए केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने बताया कि अध्यक्ष टाइगर जयराम महतो की उपस्थिति में सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया कि जेएलकेएम घाटशिला उपचुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ेगी।
उन्होंने बताया कि घाटशिला क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेतृत्व की बैठक जल्द आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रत्याशी का चयन सर्वसम्मति से कर उसे पार्टी की केंद्रीय कमेटी के पास भेजा जाएगा। इसके बाद केंद्रीय समिति द्वारा आधिकारिक रूप से प्रत्याशी की घोषणा की जाएगी।
देवेंद्र नाथ महतो ने यह भी स्पष्ट किया कि जेएलकेएम इस चुनाव को पूरी गंभीरता से ले रही है और ऐसा मानकर चल रही है कि टाइगर जयराम महतो स्वयं चुनावी रणभूमि में हैं। घाटशिला विधानसभा के चारों प्रखंडों के करीब 300 बूथों पर जीत हासिल करने के लिए पार्टी रणनीति तैयार कर रही है और पूर्ण ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी।

