दिल्ली: दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में स्थित ऐतिहासिक हुमायूं के मकबरे में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। स्वतंत्रता दिवस के दिन, 15 अगस्त को मकबरे के अंदर एक कमरे की दीवार और गुंबद का हिस्सा अचानक ढह गया। इस दुर्घटना में आठ से नौ लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारियों के अनुसार, उन्हें शाम करीब साढ़े चार बजे घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद तत्काल पांच दमकल वाहन मौके पर भेजे गए। दिल्ली पुलिस भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
अब तक की जानकारी के अनुसार, हादसे में घायल 11 लोगों को मलबे से निकालकर पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तलाशी अभियान जारी है और पूरी घटना की जांच की जा रही है।
हुमायूं का मकबरा 16वीं सदी में बना एक ऐतिहासिक स्मारक है और यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर स्थल के रूप में मान्यता प्राप्त है। यह स्थान पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है, खासकर छुट्टियों और वीकेंड पर यहां भारी भीड़ होती है। इस हादसे ने न केवल पर्यटक सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है, बल्कि ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

