वाशिंगटन : अमेरिका के पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) जॉन बोल्टन ने डोनाल्ड ट्रंप पर भारत के साथ संबंध बिगाड़ने का आरोप लगाया है। बोल्टन ने कहा कि ट्रंप की गलत नीतियों और फैसलों ने भारत-अमेरिका के रिश्तों पर नकारात्मक असर डाला है। उन्होंने खासतौर पर भारत पर लगाए गए 50% टैरिफ को एक “बड़ी रणनीतिक गलती” बताया।
बोल्टन ने कहा, “अमेरिका ने भारत पर भारी टैरिफ लगाया, जबकि चीन जैसे देश, जो रूसी तेल खरीद रहे हैं, उन पर ऐसी सख्ती नहीं दिखाई गई।” उन्होंने चेतावनी दी कि इस कदम से भारत में अमेरिका की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचा है और इस भरोसे को दोबारा बहाल करने में समय लगेगा।
बोल्टन ने चुटकी लेते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को डोनाल्ड ट्रंप को दो बार नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित करना चाहिए। यह बयान उन्होंने व्यंग्य के तौर पर दिया, यह जताने के लिए कि ट्रंप का व्यवहार अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में कितना असंतुलित और हास्यास्पद रहा है।
उन्होंने पाकिस्तान का भी उदाहरण दिया और बताया कि किस तरह पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख असीम मुनीर ट्रंप से बेहतर डील करने की योजना बना रहे हैं। बोल्टन का यह तंज जून 2025 की उस घोषणा के संदर्भ में था, जिसमें पाकिस्तान ने ट्रंप को भारत-पाक संघर्ष में “निर्णायक भूमिका” निभाने के लिए 2026 के नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित करने की बात कही थी।
बोल्टन ने कहा कि व्हाइट हाउस ने बीते 30 दिनों में जो नीतिगत निर्णय लिए हैं, उनसे भारत-अमेरिका संबंधों में दरार आ सकती है, और इसका असर लंबे समय तक महसूस किया जाएगा। उन्होंने अमेरिकी प्रशासन को चेताया कि भारत जैसे रणनीतिक साझेदार को नाराज़ करना अमेरिका के हित में नहीं है।

