
जमशेदपुर: शनिवार रात साकची थाना क्षेत्र में एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। टीवीएस शोरूम के पास स्थित सार्वजनिक पार्किंग में खड़ी दो कारों को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। कारों के शीशे तोड़कर चोरों ने कुल ₹50,000 नकद, दस्तावेज, कपड़े और अन्य कीमती सामान चुरा लिया।
गोलमुरी निवासी प्रशांत सुमन और सोनारी निवासी मेघा शॉपिंग के उद्देश्य से साकची पहुंचे थे। दोनों ने अपनी-अपनी कारें पार्किंग में पास-पास खड़ी की थीं। इसी दौरान चोरों ने सुनसान माहौल का फायदा उठाते हुए दोनों वाहनों के शीशे तोड़े और भीतर रखे सामान पर हाथ साफ कर दिया।
मेघा ने बताया कि उनकी कार में कई जरूरी दस्तावेज और निजी सामान थे, जबकि प्रशांत ने बताया कि उनकी कार से 50 हजार रुपये नकद और नए कपड़े चोरी हो गए हैं।
घटना के बाद पार्किंग स्थल पर अफरातफरी मच गई। लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था की कमी को लेकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। प्रारंभिक जांच के तहत पार्किंग में तैनात एक कर्मचारी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
इस वारदात के बाद स्थानीय निवासियों में भय और आक्रोश का माहौल है। नागरिकों ने पुलिस और नगर प्रशासन से पार्किंग स्थलों पर सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
