
रांची : राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित हरमू रोड के सहजानंद चौक के पास रविवार को एक बिल्डिंग में भीषण आग लग गई। इस हादसे में दो स्टेशनरी की दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं, जबकि ऊपर के माले में बने मकान को भी भारी नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
आग इतनी तेजी से फैली कि चंद मिनटों में पूरी बिल्डिंग इसकी चपेट में आ गई। बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से में रहने वाले लोग उस वक्त सो रहे थे, लेकिन समय रहते वे घर से बाहर निकलकर सुरक्षित निकल पाए।
अरगोड़ा थाना प्रभारी ब्रह्मदेव प्रसाद ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल की चार गाड़ियों ने मिलकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन उसे पूरी तरह बुझाने में लंबा वक्त लगा।
बिल्डिंग के मालिक के मुताबिक, आग में सारा सामान जलकर नष्ट हो गया है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को इस अगलगी का कारण बताया जा रहा है।
हालांकि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन आर्थिक क्षति भारी है। नुकसान का सही आकलन जांच पूरी होने के बाद सामने आएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
