तमिलनाडु : तमिलनाडु के करुर ज़िले में तमिलगा विझल काची (TVK) प्रमुख और अभिनेता विजय की रैली के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। भारी भीड़ के चलते भगदड़ मच गई, जिसमें अब तक 31 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। हादसे में कई कार्यकर्ता और बच्चे बेहोश हो गए, जबकि एक 9 साल की बच्ची अब भी लापता बताई जा रही है।
घटना के तुरंत बाद मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने गहरी चिंता जताते हुए अधिकारियों को त्वरित मेडिकल सहायता और विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।
बताया जा रहा है कि भगदड़ के हालात तब बने जब विजय मंच से भाषण दे रहे थे। जैसे ही हालात बिगड़ने लगे, विजय ने भाषण रोक दिया और लोगों को पानी बांटना शुरू किया। उन्होंने भीड़ से एम्बुलेंस के लिए रास्ता देने की अपील भी की। बच्ची की तलाश के लिए विजय ने अपने समर्थकों से मदद मांगी।
कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया, जिससे हालात और अधिक बिगड़ गए।
इस दौरान विजय ने राजनीतिक कटाक्ष भी किया। उन्होंने पूर्व डीएमके मंत्री सेंथिल बालाजी पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि करुर में हवाई अड्डे के वादे के बावजूद उसे केंद्र सरकार पर टाल दिया गया।
फिलहाल पुलिस और रैली आयोजक राहत कार्य में लगे हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और लापता बच्ची की तलाश जारी है।

