रांची: भारत के लिए चिकित्सा क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए द विनयका हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के सीईओ डॉ. चन्दन कुमार को कॉमनवेल्थ मेडिकल एसोसिएशन (CMA) का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। यह पहली बार है जब किसी भारतीय को इस वैश्विक संस्था की सर्वोच्च जिम्मेदारी मिली है।
रांची में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डॉ. कुमार ने अपनी नियुक्ति पर गर्व जताते हुए कहा, “यह भारत के लिए बहुत सम्मान की बात है कि कॉमनवेल्थ मेडिकल एसोसिएशन, जिसमें दुनिया के 56 देश शामिल हैं, ने पहली बार किसी भारतीय को चेयरमैन चुना है।”
उन्होंने आगे कहा कि वे प्रयासरत हैं कि इस संगठन का एक स्थायी कार्यालय रांची में स्थापित हो, जिससे झारखंड को वैश्विक स्वास्थ्य मानचित्र पर एक प्रमुख स्थान मिल सके।
डॉ. चन्दन कुमार ने बताया कि दुनिया की नई-नई मेडिकल टेक्नोलॉजी को भारत में लाने के लिए तीन बड़े अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ समझौता (MoU) हो चुका है। उनका उद्देश्य है कि विदेशी कंपनियों की प्रोडक्शन यूनिट्स भारत में स्थापित हों, जिससे देश को तकनीकी लाभ के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी मिल सकें।

