Ranchi : जगन्नाथपुर रथ यात्रा के पावन अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रदेशवासियों और सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। रथ यात्रा के इस पावन पर्व पर प्रदेश के शीर्ष नेताओं ने भगवान जगन्नाथ से सुख, समृद्धि और शांति की कामना की।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर शुभकामना संदेश साझा करते हुए लिखा, “रथ यात्रा के पावन अवसर पर सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान श्री जगन्नाथ से प्रार्थना है कि यह शुभ यात्रा सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और शांति लेकर आए। जय जगन्नाथ।”
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी रथ यात्रा की बधाई दी और अपने संदेश में कहा, “महाप्रभु श्री जगन्नाथ सभी को उत्तम स्वास्थ्य, सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करें। जय जय जगन्नाथ।”
वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी महाप्रभु जगन्नाथ की रथयात्रा के इस पावन पर्व पर सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “महाप्रभु जगन्नाथ, वीर बलराम एवं मां सुभद्रा सबकी मनोकामनाएं पूर्ण करें।”
जगन्नाथपुर रथ यात्रा झारखंड में एक महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं और भगवान जगन्नाथ की कृपा प्राप्त करने के लिए रथ खींचने की परंपरा निभाते हैं।

