Jharkhand : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक और राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। उन्हें सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां उनकी स्थिति पर डॉक्टरों की टीम लगातार नजर बनाए हुए है। झामुमो के प्रवक्ता मनोज पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरुजी की तबीयत स्थिर है, लेकिन न तो कोई सुधार हुआ है और न ही कोई गिरावट। अस्पताल में न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी और नेफ्रोलॉजी के विशेषज्ञ डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं।
डॉक्टरों का कहना है कि शिबू सोरेन को ब्रेन स्ट्रोक हुआ है, जिसके कारण उनके शरीर के बाईं ओर पैरालिसिस हो गया है। 81 वर्षीय गुरुजी लंबे समय से किडनी की बीमारी से जूझ रहे हैं, और एक साल से डायलिसिस पर हैं। उन्हें डायबिटीज और हार्ट की बाइपास सर्जरी का भी सामना करना पड़ा है। गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और राज्यपाल संतोष गंगवार भी अस्पताल पहुंचे थे और उन्होंने शिबू सोरेन के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।
इस बीच, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा ने शिबू सोरेन के स्वास्थ्य को लेकर सरकार से अधिकृत मेडिकल बुलेटिन जारी करने की मांग की है। उनका कहना है कि इस स्थिति में लोगों को सही जानकारी देना जरूरी है, ताकि वे गलतफहमी का शिकार न हों। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी शिबू सोरेन के स्वास्थ्य की चिंता जताई और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की है।

