गढ़वा जिलेवासियों की 15 साल पुरानी मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी आगामी तीन जुलाई को गढ़वा में आयोजित एक समारोह में नवनिर्मित गढ़वा बाइपास सड़क का उद्घाटन करेंगे। यह जानकारी पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम ने मंगलवार को डालटनगंज स्थित अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में दी।
सांसद ने बताया कि गढ़वा बाइपास के निर्माण से स्थानीय निवासियों को जाम की गंभीर समस्या से राहत मिलेगी, और छत्तीसगढ़ व उत्तर प्रदेश से आने-जाने वाले यात्रियों को भी काफी सहूलियत होगी। इस बाइपास की लंबाई 49 किलोमीटर है और यह अब क्षेत्रीय व्यापार व आवागमन को नई दिशा देगा।
सांसद ने यह भी बताया कि करीब 8000 करोड़ रुपये की लागत से रांची-वाराणसी नेशनल हाईवे (NH-39) को फोरलेन में विकसित किया जा रहा है। पहले यह मार्ग NH-75 के नाम से जाना जाता था। इसका निर्माण छह चरणों में हो रहा है।
-
पहले चरण में रांची से कुडू तक का कार्य पूरा हो चुका है।
-
दूसरे चरण में शंखा से खजूरी तक का काम 1129.28 करोड़ रुपये में पूरा हो गया है।
-
तीसरे चरण में खजूरी से विंढमगंज (UP) तक का कार्य 15 सितंबर तक 1436.49 करोड़ रुपये में पूरा किया जाएगा।
-
चौथे से छठे चरण तक के कार्य क्रमशः नवंबर 2025, अक्टूबर 2026 और सितंबर 2025 से शुरू होंगे।
गढ़वा बाइपास अब NH-39 का अहम हिस्सा बन चुका है और इसके निर्माण से क्षेत्र के विकास को बड़ा बल मिलेगा।

