Ranchi : रांची जिले के कांके अंचल स्थित मौजा रेंडो में गैरमजरुआ जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत सामने आने के बाद उपायुक्त (डीसी) मंजूनाथ भजन्त्री ने गंभीर संज्ञान लिया है। मंगलवार को आयोजित जनता दरबार के दौरान डीसी ने इस मामले की जांच के लिए एक जिलास्तरीय टीम गठित करने का आदेश दिया और मौके पर मापी कराने का निर्देश भी दिया।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि यदि जांच में कब्जा अवैध पाया गया तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस तरह के मामलों में दोषियों को तीन से दस साल तक की सजा हो सकती है।
जनता दरबार के दौरान डीसी ने राजस्व और सामाजिक कल्याण से जुड़ी कई शिकायतों की सुनवाई की। इसी क्रम में तुपुदाना निवासी छोटू महली को विकलांग पेंशन योजना की स्वीकृति दी गई, जिसके बाद उन्होंने उपायुक्त को पौधा भेंट कर आभार प्रकट किया। छोटू महली ने प्रधानमंत्री आवास योजना में शामिल किए जाने की भी मांग की, जिस पर डीसी ने सकारात्मक आश्वासन दिया।
इसके अलावा जनता दरबार में यह भी सामने आया कि कांके अंचल की एक ही जमीन पर दो रसीदें जारी हुई हैं, म्यूटेशन लंबित है और कुछ दूरदराज गांवों में स्कूल की दूरी अधिक है। उपायुक्त ने इन सभी मामलों की त्वरित जांच और समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

