बॉलीवुड: निर्देशक विवेक अग्निहोत्री की आगामी फिल्म ‘The Bengal Files’ एक बार फिर विवादों के केंद्र में है। हाल ही में कोलकाता में फिल्म का ट्रेलर लॉन्च इवेंट आयोजित होना था, जिसे स्थानीय प्रशासन ने रोक दिया। इस घटना के बाद अब फिल्म की अभिनेत्री और विवेक अग्निहोत्री की पत्नी पल्लवी जोशी ने नाराज़गी ज़ाहिर करते हुए इसे लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा हमला बताया है।
दिल्ली में आयोजित ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम के दौरान पल्लवी जोशी ने कहा कि चूंकि फिल्म की कहानी बंगाल से जुड़ी है, इसलिए अगस्त के महीने में कोलकाता में ट्रेलर लॉन्च करने की योजना बनाई गई थी। लेकिन राज्य सरकार की कथित हस्तक्षेप से यह कार्यक्रम रद्द करना पड़ा, जिसे उन्होंने असंवैधानिक और निराशाजनक करार दिया। उन्होंने कहा कि “यह न सिर्फ हमारी फिल्म पर बल्कि भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों पर भी सीधा हमला है। राज्य सरकार ने हमारी आवाज को दबाया है, और हमारी फिल्म के विषय — मानव गरिमा और स्वतंत्रता — को खुद ही सच साबित कर दिया है।”
उन्होंने यह भी जोड़ा कि ‘The Bengal Files’ किसी प्रचार के उद्देश्य से नहीं बल्कि गंभीर सामाजिक मुद्दों को सामने लाने के लिए बनाई गई है, और इस तरह की कार्रवाइयां देश में रचनात्मक अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को कुचलने का प्रयास हैं। फिल्म 5 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है और इससे पहले ही इसे लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक रंग लेता दिख रहा है।

