
कनाडा : मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैफे Kaps Cafe पर एक बार फिर गोलीबारी की घटना हुई है। यह कैफे ब्रिटिश कोलंबिया के सरे (Surrey) में स्थित है, जहां बीती रात अज्ञात हमलावरों ने 6 राउंड फायरिंग की। इस हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।
इस हमले की जिम्मेदारी गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों और लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ली है। पोस्ट में लिखा गया, “आज जो कपिल शर्मा के Kaps Cafe पर फायरिंग हुई, उसकी जिम्मेदारी हमारी है। हमने टारगेट को कॉल की थी, रिंग नहीं सुनी गई, इसलिए कार्रवाई करनी पड़ी। अब भी रिंग नहीं सुनी गई तो अगली कार्रवाई मुंबई में करेंगे।”
हमले का 9 सेकंड का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें गोलियों की आवाज साफ सुनाई देती है। मुम्बई पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो की सत्यता की जांच कर रही हैं।
सरे पुलिस सेवा (SPS) को स्थानीय समयानुसार रात 1:50 बजे घटना की सूचना मिली। पुलिस ने बताया कि 120 स्ट्रीट के 8400 ब्लॉक में स्थित एक प्रतिष्ठान की ओर फायरिंग की गई, जहां उस समय कुछ कर्मचारी मौजूद थे। हालांकि, कोई घायल नहीं हुआ।
गौरतलब है कि 11 जुलाई को भी इसी कैफे पर फायरिंग हुई थी, लेकिन उस मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। उस घटना के बाद कैफे प्रबंधन ने इंस्टाग्राम पर बयान जारी कर कहा था, “यह घटना दिल तोड़ने वाली है, लेकिन हम हार नहीं मानेंगे। यह कैफे आपके विश्वास से बना है और समुदायिक सौहार्द का प्रतीक है।”
कपिल शर्मा ने अब तक इस पूरे मामले पर कोई सार्वजनिक टिप्पणी नहीं की है, लेकिन लगातार हो रही घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से ले रही हैं।
