रांची : रांची के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र में स्कूली छात्रा से छेड़छाड़ के आरोपी फिरोज अली ने शनिवार देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। नाला रोड, गली नंबर-8 निवासी युवक का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजन उसे तुरंत रिम्स लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर शनिवार रात करीब 12 बजे हिंदपीढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ की। बताया जा रहा है कि रात करीब 9 बजे फिरोज अली अपने कमरे में फंदे से लटकता मिला था और उसके मुंह से झाग निकल रहा था।
पुलिस के अनुसार, फिरोज अली पर दिसंबर 2024 में स्कूली छात्रा से छेड़खानी और अश्लील हरकत का आरोप लगा था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी पहचान हुई थी, जिसके बाद वह फरार हो गया था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर इनाम भी घोषित किया था। बाद में लोअर बाजार थाना क्षेत्र से उसकी गिरफ्तारी हुई और वह जमानत पर रिहा होकर घर पर रह रहा था।

