रांची के पंडरा ओपी पुलिस ने केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ को जान से मारने की धमकी देने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस गंभीर मामले में आरोपी नित्यानन्द पाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने मंत्री को उनके मोबाइल नंबरों पर कॉल और मैसेज भेजकर धमकी दी थी। पुलिस ने उसके पास से धमकी देने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।
डीआईजी सह एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 26 जुलाई को अधिकारियों को जानकारी मिली थी कि केंद्रीय मंत्री को जान से मारने की धमकी मिली है। इस पर तुरंत पंडरा ओपी में सनहा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय की अगुवाई में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
तकनीकी सहायता के जरिए पुलिस को पता चला कि धमकी देने वाला मोबाइल नंबर 6209401932 और 9431706452 का उपयोग कर रहा है। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी नित्यानन्द पाल को धनबाद रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नशे में अक्सर लोगों को धमकी देता था और बड़े लोगों को डराकर पैसे ऐंठने का प्रयास करता था।
इस गिरफ्तारी से यह स्पष्ट हो गया है कि रांची पुलिस साइबर क्राइम और धमकी जैसे मामलों को लेकर सतर्क है और त्वरित कार्रवाई कर रही है।

