Jharkhand: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार को दिल्ली स्थित सर गंगाराम अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने अपने पिता और झारखंड आंदोलन के प्रणेता शिबू सोरेन उर्फ गुरुजी से मुलाकात की। गुरुजी इन दिनों स्वास्थ्य कारणों से अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी देखभाल के लिए परिवार के सदस्य लगातार संपर्क में हैं। मुख्यमंत्री ने गुरुजी की सेहत की जानकारी ली और चिकित्सकों से भी बातचीत की।
विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, हेमंत सोरेन दो दिनों तक दिल्ली प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे इंडिया गठबंधन (INDIA Alliance) के शीर्ष नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं। माना जा रहा है कि इन बैठकों में आगामी राजनीतिक रणनीतियों, झारखंड की स्थिति और केंद्र के साथ राज्य के रिश्तों को लेकर विचार-विमर्श किया जा सकता है।
हेमंत सोरेन की इस यात्रा को न केवल पारिवारिक बल्कि राजनीतिक दृष्टिकोण से भी अहम माना जा रहा है। शिबू सोरेन की तबीयत को लेकर झारखंड में समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में चिंता बनी हुई है, वहीं मुख्यमंत्री की दिल्ली में राजनीतिक गतिविधियों पर भी सबकी नजर है।

