आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित न्यू झारखंड भवन में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता शिबू सोरेन (गुरुजी) के स्वास्थ्य की जानकारी ली। शिबू सोरेन इन दिनों सर गंगा राम अस्पताल, नई दिल्ली में भर्ती हैं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बताया कि गुरुजी के स्वास्थ्य में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है और डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन को समय पर चिकित्सा मिल रही है और उनकी हालत स्थिर है। वहीं, सुदेश महतो ने गुरुजी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और उनके परिवार के साथ पूरी संवेदना जताई।
इससे पहले, आजसू पार्टी के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने भी हेमंत सोरेन से मुलाकात कर शिबू सोरेन के स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी प्राप्त की थी। यह मुलाकात भी नई दिल्ली में हुई थी।
गौरतलब है कि शिबू सोरेन को 19 जून को अस्पताल में भर्ती किया गया था। उन्हें ब्रेन स्ट्रोक और किडनी संबंधित समस्याओं के चलते आईसीयू में रखा गया था। सर गंगाराम अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी और नेफ्रोलॉजी के विशेषज्ञ उनकी देखरेख कर रहे हैं। राज्य भर में उनके समर्थक और आम लोग गुरुजी के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।

