Ranchi : रांची में जल जमाव की समस्या ने गंभीर रूप ले लिया है, जहां कई इलाकों में पानी भर जाने के कारण लोग परेशान हैं। कार और बाइक तक पानी में तैरते हुए देखी जा रही हैं। इस संकट को लेकर सोमवार को राष्ट्रीय युवा शक्ति के अध्यक्ष उत्तम यादव के नेतृत्व में परमवीर अल्बर्ट एक्का चौक पर विरोध प्रदर्शन किया गया।
उत्तम यादव ने कहा कि अगर नगर विकास मंत्री और नगर निगम ने जल जमाव की समस्या को गंभीरता से नहीं लिया, तो युवाओं को सड़कों पर उतरकर धानरोपनी करने पर मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि रांची के जनप्रतिनिधि विधानसभा सत्र के दौरान रांची की समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दे रहे थे और बजट सत्र का समय बर्बाद कर दिया गया।
उत्तम यादव ने आगे कहा कि राज्य के सभी राजनीतिक दल अपनी जिम्मेदारी से भाग गए हैं, और अब रांची की जनता के पास अपनी समस्याओं का समाधान पाने का कोई रास्ता नहीं बचा है। उन्होंने नगर निगम और नगर विकास मंत्री से रांची की नालियों की सफाई और जल जमाव की समस्या को शीघ्र हल करने की मांग की।

