Ranchi : रांची पुलिस ने वर्ष 2024-25 में नशे के कारोबार से जुड़े 341 ड्रग पैडलर्स को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। डीआईजी और एसएसपी रांची, चंदन कुमार सिन्हा के नेतृत्व में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नशे के कारोबार में शामिल युवाओं की पहचान करना और उन्हें सुधारने का रास्ता दिखाना है।
अब रांची पुलिस ड्रग्स पैडलर्स के परिजनों को जागरूक करने की योजना पर काम कर रही है, ताकि वे समझ सकें कि नशे की तस्करी से उनके परिवारों पर क्या गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। पुलिस की टीम ड्रग पैडलर्स के परिवारों से संपर्क कर उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दे रही है। इसके साथ ही, जेल से छूटे हुए पैडलर्स को वैकल्पिक व्यवसाय के लिए जागरूक किया जा रहा है, ताकि वे अपराध की दुनिया से बाहर निकल सकें।
रांची पुलिस की यह योजना न केवल ड्रग्स पैडलर्स को सुधारने में मदद करेगी, बल्कि उनके परिवारों को भी सुरक्षित भविष्य की ओर मार्गदर्शन देगी।

