Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर में अपराधियों के डर को खत्म करने और आम लोगों में कानून के प्रति विश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस ने एक साहसिक और अनोखी पहल की। 50 हजार के इनामी अपराधी निशार हसन उर्फ निशु को गिरफ्तार करने के बाद शहर की सड़कों पर पैदल मार्च कराया गया। यह पहली बार है जब जमशेदपुर पुलिस ने लुक आउट नोटिस के जरिए किसी वांछित अपराधी को गिरफ्तार किया है।
निशार हसन हत्या, रंगदारी, बमबारी और फायरिंग जैसे गंभीर मामलों में वांछित था। वह 27 अगस्त 2023 को मानगो थाना क्षेत्र में पवन यादव की हत्या का मुख्य आरोपी है। घटना के बाद वह फरार हो गया था और बहरीन जाकर भी अपराध को अंजाम दे रहा था। पुलिस ने गृह मंत्रालय के सहयोग से लुक आउट सर्कुलर जारी करवाया और उसे दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के बाद उसे जमशेदपुर की सड़कों पर जनता के सामने पैदल घुमाया गया, जिससे लोगों को राहत महसूस हुई और अपराधियों के प्रति नाराजगी भी खुलकर सामने आई। एसएसपी पीयूष पांडेय की विशेष टीम की इस कार्रवाई को एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

