रांची, कांके रोड। मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आयोजित एक विशेष समारोह में मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने विशेष शाखा के हवलदार श्री दिलीप तिर्की को उनकी सेवानिवृत्ति के अवसर पर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें पुष्पगुच्छ, शॉल एवं छाता भेंट कर उनके लंबे सेवाकाल की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हवलदार दिलीप तिर्की का कार्यकाल पूरी तरह से अनुकरणीय रहा है। उन्होंने राज्य के प्रति पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं दी हैं। ऐसे कर्मठ और समर्पित कर्मचारियों का योगदान हमेशा यादगार रहेगा।
श्री दिलीप तिर्की दिनांक 30 सितंबर 2025 को सेवानिवृत्त हुए। उन्होंने लगभग 40 वर्षों तक राज्य की सेवा की, जिसमें वर्ष 2000 से लगातार मुख्यमंत्री आवास में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते रहे। उनकी कार्यकुशलता, सजगता और कर्तव्यनिष्ठा ने उन्हें विभाग में विशेष पहचान दिलाई।

