
रांची, 4 अगस्त। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और आदिवासी समाज के प्रखर नेता शिबू सोरेन उर्फ गुरूजी का निधन हो गया है। वे 81 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। उनका इलाज दिल्ली स्थित सर गंगा राम अस्पताल में चल रहा था।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, गुरूजी का पार्थिव शरीर आज शाम करीब 6 बजे विशेष विमान से रांची लाया जाएगा। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से उन्हें सीधे मुख्यमंत्री आवास ले जाया जाएगा, जहां आमजन, नेता और शुभचिंतक उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दे सकेंगे।
कल मंगलवार, 5 अगस्त को मोरहाबादी स्थित उनके सरकारी आवास से अंतिम यात्रा निकाली जाएगी, जो उनके पैतृक गांव नेमरा (जिला रामगढ़) तक जाएगी। वहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
प्रशासन ने अंतिम यात्रा और श्रद्धांजलि कार्यक्रमों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और अन्य सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
गुरूजी के निधन की खबर से पूरे झारखंड में शोक की लहर है। राजनीतिक, सामाजिक और आदिवासी समुदाय से जुड़े लोग बड़ी संख्या में मोरहाबादी स्थित उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
झारखंड के जन-आंदोलन और राजनीति में अमिट छाप छोड़ने वाले शिबू सोरेन का जाना राज्य के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
