
Box Office : मोहित सूरी के निर्देशन में बनी रोमांटिक फिल्म ‘सैयारा’ ने बॉक्स ऑफिस पर 18वें दिन तक कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं। वाणी और कृष की दिल छू लेने वाली लव-स्टोरी दर्शकों के दिलों में खास जगह बना चुकी है। रिलीज़ के बाद से ही इस फिल्म को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है और यह अब तक देश की टॉप फिल्मों में 16वें पायदान पर पहुंच चुकी है।
कहानी की बात करें तो इसमें अहान पांडे ने सिंगर ‘कृष कपूर’ की भूमिका निभाई है, जो अपने गानों से नाम कमाना चाहता है। वहीं अनीत पड्डा ने वाणी बत्रा का किरदार निभाया है, जो एक शांत और खुद में रहने वाली लड़की है, जिसे लिखने का शौक है। हाल ही में ब्रेकअप से गुज़री वाणी और अपनी धुन में मग्न कृष की मुलाकात एक खूबसूरत मोड़ लेती है और दोनों एक-दूसरे के बेहद करीब आ जाते हैं। फिल्म में रोमांस के साथ-साथ इमोशंस और ट्विस्ट्स भी हैं, जो दर्शकों को बांधे रखते हैं।
कमाई के लिहाज़ से भी ‘सैयारा’ ने कमाल कर दिखाया है। पहले दिन से ही इसने बॉक्स ऑफिस पर रफ्तार पकड़ ली थी। हालांकि 18वें दिन यानी सोमवार को इसकी कमाई में गिरावट दर्ज की गई और यह केवल 2.50 करोड़ रुपये ही कमा सकी। रविवार को यह आंकड़ा 8 करोड़ रुपये था। फिर भी फिल्म की कुल कमाई अब तक करीब 302.25 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है, जो इसे सुपरहिट बनाता है।
