रांची, 20 सितम्बर 2025: झारखंड में कुड़मी समुदाय की सामाजिक मान्यता और अधिकारों की मांग को लेकर चल रहा “रेल टेका, डहर छेका आंदोलन” शनिवार को और ज़ोर पकड़ गया। इस आंदोलन को आजसू पार्टी का ज़ोरदार समर्थन मिला, जब पार्टी के शीर्ष नेता व कार्यकर्ता विभिन्न जिलों के रेलवे स्टेशनों और पटरियों पर उतरकर प्रदर्शन में शामिल हुए।आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो स्वयं मूरी रेलवे स्टेशन पर आंदोलनकारियों के साथ उपस्थित रहे.गिरिडीह के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी और पूर्व विधायक डॉ. लम्बोदर महतो ने जोगेश्वर बिहार, चंद्रपुरा, और पारसनाथ रेलवे स्टेशनों पर पहुंचकर आंदोलन में भाग लिया।
मांडू विधायक निर्मल महतो ने चरही स्टेशन पर आंदोलन का नेतृत्व किया, वहीं पूर्व विधायक सुनीता चौधरी बरकाकाना स्टेशन पर उपस्थित रहीं और कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया।बोकारो जिला अध्यक्ष सचिन महतो, पूर्व जिला परिषद सदस्य टिकैत महतो, और नवीन महतो ने चंद्रपुरा स्टेशन पर आंदोलन को संगठित किया।केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो सरायकेला के हेसालोंग में और संजीव महतो ने संथालपरगना में आंदोलन में भागीदारी की।
राज्य भर में आजसू कार्यकर्ताओं ने रेल पटरियों पर बैठकर ट्रेनों के आवागमन को बाधित किया और सरकार से कुड़मी समुदाय को अनुसूचित जनजाति (ST) की मान्यता देने की मांग दोहराई।

